कोलेबिरा–सिमडेगा घाटी को सीधा करने की मांग, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को दिया ज्ञापन
खूंटी: खूंटी लोकसभा के क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच–143 पर स्थित कोलेबिरा–सिमडेगा घाटी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। इस संबंध में पूर्व जिला अध्यक्ष, झारखंड विकास मोर्चा, दिलीप मिश्रा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन भेजकर जनहित में घाटी को काटकर सीधा सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि एनएच–143 पर कोलेबिरा से लगभग 15 किलोमीटर आगे छगरी बाघा, अरानी होते हुए बंधन टोली और फुलवा टांगार गांव तक करीब 15 किलोमीटर लंबा पहाड़ी और अत्यंत घुमावदार घाटी क्षेत्र है। यह पूरा इलाका जिगजैग मोड़ों और तीखे उतार–चढ़ाव के कारण अत्यंत दुर्घटना-प्रवण बन चुका है। यहां लगभग प्रतिदिन सड़क हादसे होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है।
दिलीप मिश्रा ने बताया कि इस मार्ग से जमशेदपुर, मुंबई, रायपुर, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जाने वाले हजारों ट्रक, ट्रेलर, बसें और छोटे वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों के दबाव और संकरी, घुमावदार सड़क के कारण दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने दावा किया कि बीते पांच वर्षों में कोलेबिरा घाटी क्षेत्र में सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों लोगों की मौत सड़क हादसों में हो चुकी है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़े सूचना के अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत सिमडेगा जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त किए गए हैं, जिन्हें पहले भी संबंधित विभागों और क्षेत्र के सांसद सह केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा को भेजा जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से आग्रह किया गया है कि एनएच–143 पर स्थित इस खतरनाक घाटी को काटकर सीधा मार्ग बनाया जाए, ताकि यातायात सुगम हो, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे और लोगों की जान-माल की रक्षा हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि माननीय केंद्रीय मंत्री इस गंभीर समस्या को देखते हुए शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।



