जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत चार की मौत
रांची : जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की छोटी बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मंत्री दीपिका पांडेय महगामा से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब तीन बजे सोनारी मरीन ड्राइव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार में सवार मंत्री दीपिका पांडेय की छोटी बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीछे से ट्रक की जोरदार टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
मंत्री दीपिका पांडेय के जमशेदपुर रवाना होने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की संभावना है।


