अचानक रात को तारें की जगह भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन चमकने लगे, यह दृश्य देखकर अचंभित हुए लोग
गणादेश,रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में बीती रात आसमान में तारें की जगह भगवान बिरसा मुंडा और झारखंड के महानायक शिबू सोरेन चमकने लगे। यह अनोखा दृश्य देखकर दर्शक अचंभित हो गए। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गुंजायमान हो उठा।
दरअसल,भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राज्य सरकार के स्थापना दिवस को हेमन्त सोरेन की सरकार इसे रजत उत्सव की तरह मना रही है। रजत उत्सव बीते 14नवंबर से 16नवंबर तक मनाया गया। रजत उत्सव के अंतिम दिन मोरहाबादी मैदान में ड्रोन शो का आयोजन किया गया। ड्रोन की सहायता से आकाश में झारखंड की ऐतिहासिक यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया। इसके दृश्य ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। लोकप्रिय बैंड “टॉम मुर्मू एंड बैंड” तथा इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक एवं प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव ने अपने गीतों की प्रस्तुति से मंच पर समां बाँध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा, लोग झारखंडी संगीत और लोकधुनों पर झूमते नजर आए। झारखंड की जनभावनाओं से जुड़े रजत पर्व उत्सव ने झारखंड की अस्मिता, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर राज्यवासियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बालीवुड की मशहूर गायिका श्रीमती शिल्पा राव ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से शमा बांधकर कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।देर रात तक श्रोतागण शिल्पा राव के सुरों की गहराइयों में डूबते-उतराते रहे। इसके अलावा राज्य की समृद्ध संस्कृति का भव्य प्रदर्शन कार्यक्रम में राज्य की पारंपरिक कला और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। वहीं शास्त्रीय नृत्य-संगीत की आकर्षक प्रस्तुति ने शमा बांधा।कलाकारों द्वारा झारखंड की विविध सांस्कृतिक विधाओं – अखरा जगान (झूमर), संथाली, कड़सा, खड़िया, मुंडारी, नागपुरी, घोड़ा, पाईका, सरायकेला छऊ एवं मानभूम छऊ – की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और राज्य की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,विधायक कल्पना सोरेन,मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित राज्य के अधिकारी मौजूद रहे।



