धुर्वा डैम में डूबे पीडीजे के चौथे पुलिसकर्मी का शव बरामद

गणादेश,रांची: राजधानी रांची के धुर्वा डैम में बीते शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में लापता चौथे पुलिसकर्मी का शव आखिरकार सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम प्रिंसिपल जिला जज (पीडीजे), जमशेदपुर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों का वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डैम में जा गिरा था। इस हादसे में वाहन में सवार चार लोग,दो पुलिसकर्मी और दो सरकारी चालक डैम में डूब गए थे।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में जुटी एनडीआरएफ की टीम ने उसी रात तीन शवों को बाहर निकाल लिया था। इनमें पुलिसकर्मी उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और सरकारी चालक सतेंद्र सिंह शामिल थे। लेकिन चालक सतेंद्र कुमार का शव नहीं मिल पाया था, जिसके बाद शनिवार और रविवार को पूरे दिन तलाशी अभियान चलाया गया। गहरे पानी और डैम की सतह पर जमा कीचड़ के कारण खोज अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।
तीन दिनों की लगातार कोशिशों के बाद सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को सफलता मिली और सतेंद्र कुमार का शव डैम से बरामद कर लिया गया। धुर्वा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद डैम से वाहन में मौजूद हथियार और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी खोज निकाले गए थे।
यह घटना पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन के लिए गहरा आघात लेकर आई है। मृतक चारों जवानों और चालकों की पहचान उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर, सतेंद्र सिंह और सतेंद्र कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *