झारखंड कुरमी महासभा का प्रदेश स्तरीय सांगठनिक चुनाव सम्पन्न, कारीनाथ महतो प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित
गणादेश,रांची: आरटीसी बीएड कॉलेज में रविवार को झारखंड कुरमी महासभा का प्रदेश स्तरीय सांगठनिक चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। चुनाव संचालन के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया था, जिसमें मुख्य चुनाव पदाधिकारी डॉ. भुनेश्वर महतो और सहायक चुनाव पदाधिकारी मुनेश्वर महतो, देवकी महतो तथा डॉ. राजनारायण सिंह पटेल शामिल थे। उनकी देखरेख में पूरी चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।चुनाव में कारीनाथ महतो प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए। प्रदेश महासचिव पद पर रामेश्वर महतो और कोषाध्यक्ष पद पर रामलाल महतो को चुना गया। महिला प्रकोष्ठ में शांति महतो को प्रदेश अध्यक्ष, श्रीमती मंजू देवी को महासचिव तथा विमला देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। वहीं युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गोरखनाथ चौधरी, महासचिव गुलचन्द महतो और कोषाध्यक्ष नितेश कुमार चुने गए।नवनिर्वाचित अध्यक्ष कारीनाथ महतो ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे और झारखंड के सभी स्वजातीय संगठनों के साथ समन्वय बनाकर समाज के हक-अधिकार की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संरक्षक पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, विधायक रोशन लाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।



