नगर निकाय चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुटी राजद, संसदीय बोर्ड की बैठक में बनी व्यापक रणनीति
गणादेश,रांची: झारखंड में 2026 के फरवरी–मार्च में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में राजद ने भी अपनी तैयारी को रफ्तार दे दी है। रविवार को प्रदेश राजद कार्यालय में पार्टी के संसदीय बोर्ड की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने की, जबकि श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि आगामी नगर निकाय चुनाव में राजद पूरी मजबूती और व्यापक रणनीति के साथ मैदान में उतरेगा। पार्टी ने निर्णय लिया कि प्रमंडल और जिला स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। ये प्रभारी स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगे और उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध अभियान चलाएंगे। साथ ही सभी मंत्री, विधायक और पदाधिकारी क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटेंगे।
बैठक में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजद के सभी सिपाही लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एकजुट हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजद इंडिया गठबंधन के साथ खड़ा है और हेमंत सोरेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ता रहेगा।
साथ ही, संसदीय बोर्ड ने सभी कार्यकर्ताओं को एसआईआर को लेकर पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। परिवार और समर्थकों का नाम मतदाता सूची से न कटे, इसके लिए समय पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में बिहार चुनाव परिणाम की चर्चा भी हुई, जिसमें कहा गया कि बिहार में लोकतंत्र को चोट पहुंचाई गई और सिस्टम व मशीनरी के सहारे एनडीए ने जीत हासिल की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय कु सिंह यादव, विधायक नरेश सिंह प्रवक्ता कैलाश यादव, महिला अध्यक्ष रश्मि प्रकाश, पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील साहू गिरधारी गोप मनोज पांडेय सुनीता चौधरी डॉ मुर्तुजा आबिद अली डॉ मनोज कुमार प्रणय कु बबलू विक्रम यादव कमलदेव सिंह तारकेश्वर यादव गिरेंद्र यादव सहित सभी सदस्यगण मौजूद थे



