एसएफसी मोटिया मजदूर संघ का 8वां स्थापना दिवस, मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान

रांची: एसएफसी मोटिया मजदूर संघ का आठवां स्थापना दिवस समारोह रांची में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों और प्रखंडों से बड़ी संख्या में श्रमिक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। स्थापना दिवस के मौके पर संघ की पुरानी कमेटी को नियमानुसार भंग कर तपन रजवार को कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यकारी अध्यक्ष तपन रजवार की देखरेख में आयोजित बैठक में विभिन्न जिलों के अध्यक्षों और श्रमिकों ने केंद्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी के नेतृत्व में पुनः विश्वास जताया। इस दौरान श्रमिकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
बैठक में श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया। संघ ने घोषणा की कि श्रमिक सैनिक मार्केट से अल्बर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च निकालेंगे। इसके बाद खाद्य आपूर्ति मंत्री और सचिव का पुतला दहन किया जाएगा। संघ का कहना है कि लंबे समय से श्रमिक अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
संघ ने मांग की कि ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित किए बिना ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया जाए। इसके अलावा झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी का भुगतान करने, सभी श्रमिकों को चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी सूची में शामिल करने तथा स्वास्थ्य बीमा की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
संघ ने झारखंड के तीन जिलों में लागू किए गए पायलट प्रोजेक्ट को वापस लेने की भी मांग की है।
कार्यक्रम में पलामू के मुकेश कुमार, लातेहार के सिकंदर भुइंया, गढ़वा के इदरिश अंसारी, गिरिडीह के नसीम अंसारी व नरेश साव, दुमका के सुशील वास्कें, खूंटी के सूरज नायक, कोडरमा के वीरेंद्र साव सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *