रेबीज से बचाव एवं सावधानियों की विद्यार्थियों को दी जा रही जानकारी
खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार पशुपालन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न विद्यालयों में रेबीज जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को रेबीज बीमारी के कारण, लक्षण, संक्रमण के खतरे तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान बच्चों को बताया जा रहा है कि रेबीज एक गंभीर बीमारी है, जो संक्रमित पशु के काटने या खरोंचने से फैल सकती है। कुत्ते या अन्य संदिग्ध पशु के काटने अथवा खरोंचने पर घाव को तत्काल साबुन और बहते पानी से कम-से-कम 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए तथा बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। साथ ही, चिकित्सक की सलाह के अनुसार एंटी-रेबीज टीका एवं आवश्यक उपचार कराना जरूरी है।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजनों को रेबीज के प्रति जागरूक करना, समय पर उपचार के महत्व को समझाना तथा इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों को अपनाने हेतु प्रेरित करना है।


