प्रखंड स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों, सिनी संस्थान और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत: अरुण साबू

खूंटी : मुरहू प्रखंड कार्यालय में शनिवार को सिनी संस्थान की ओर से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखण्ड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने किया। इस शिविर में संस्था द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से टीबी मुक्त पंचायत अभियान को सफल बनाने के लिए रोकथाम, जनजागरूकता और आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई।
मौके पर प्रखण्ड उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि प्रखंड स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों, सिनी संस्थान और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच सके और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं जनआरोग्य केंद्रों को समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक केंद्र को समय पर अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी।
प्रखंड उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि संस्था द्वारा किए जा रहे सभी कार्यों की नियमित जानकारी प्रखंड कार्यालय को दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रत्येक माह बीडीओ के साथ प्रखंड स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि इंडिकेटर आधारित प्रगति बोर्ड प्रत्येक पंचायत में लगाया जाए, जिससे जनता को विकास कार्यों और स्वास्थ्य योजनाओं की स्थिति की जानकारी मिल सके और पारदर्शिता बनी रहे।
शिविर में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि मुरहू प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *