घरेलू विवाद में पिता ने छह माह के मासूम को पटककर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग : प्रखंड के लुपुंग गांव में मंगलवार को घरेलू विवाद के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां और पत्नी के बीच चल रहे विवाद के दौरान कथित रूप से आक्रोशित पिता ने अपने छह माह के पुत्र अंश कुमार को उठाकर कुएं के पास पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, लुपुंग निवासी आकाश कुमार के घर में उसकी मां और पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान आकाश कुमार कथित रूप से आपा खो बैठा और अपने मासूम बेटे को पटक दिया। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *