सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल के अनावरण में विधायक रामसूर्या मुंडा,समाजसेवी प्रिया मुंडा सहित कई लोग हुए शामिल

गणादेश,खूंटी: जिले के मुख्यालय सहित पूरे जिले में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। जिले के कोने-कोने से लोग माता रानी के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं और सुबह से ही पूजा-अर्चना का क्रम निरंतर जारी है।
बीते रविवार की देर शाम नेताजी चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के भव्य पंडाल का उद्घाटन विधिवत तरीके से किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक रामसूर्या मुंडा, बिरसा रक्षा वाहिनी के संस्थापक प्रिया मुंडा, निदेशक विजय मुंडा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा सहित समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर पूजा पंडाल का अनावरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक आस्था का पर्व है बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व को मनाने की अपील की। वहीं प्रिया मुंडा और विजय मुंडा ने समिति द्वारा किए गए भव्य आयोजन की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
उद्घाटन के बाद पंडाल परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। पंडाल की आकर्षक सजावट, भव्य प्रतिमा और रंग-बिरंगी रोशनी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
पूरे जिले के अन्य हिस्सों में भी विभिन्न पूजा समितियों द्वारा विशेष सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर झांकियों, भक्ति संगीत, नाटक और गीत-संगीत की प्रस्तुतियां हो रही हैं। वहीं, मेले जैसी चहल-पहल से पूरा इलाका जीवंत नजर आ रहा है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा का आनंद ले सकें।
दुर्गा पूजा का यह पर्व जिले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का भी संदेश दे रहा है। आने वाले दिनों में प्रतिदिन मां दुर्गा की आराधना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा और विजयादशमी के दिन धूमधाम से प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *