रांची में सनसनीखेज हिट एंड रन: तेज रफ्तार मर्सिडीज से बाइक सवार को टक्कर, बोनट पर लटकाकर घर तक ले गया

रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका, बल्कि घायल युवक को कार की बोनट पर लटकाए हुए काफी दूर तक घसीटता चला गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली विवाद के बाद कार चालक आपा खो बैठा और उसने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक बोनट पर फंस गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। रास्ते में मौजूद होमगार्ड जवानों ने कार को रोकने का प्रयास किया, पर आरोपी ने उन पर भी वाहन चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि जवान किसी तरह बच निकले।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को सीधे अपने घर तक बोनट पर लटकाए ले गया। वहां पहुंचकर उसे जबरन उतारा, बंधक बनाया और मारपीट की। सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित मुक्त कराया। घायल युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पेशे से वकील है। घटना में इस्तेमाल की गई लग्जरी मर्सिडीज कार को जब्त कर थाने लाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *