भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राधा गोविंद विश्वविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित
गणादेश,रांची : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बुधवार को भाजपा रामगढ़ जिला द्वारा राधा गोविंद विश्वविद्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष महेन्द्र प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू और विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम एवं प्रदेश प्रवक्ता अविनेश सिंह रहे। संचालन महामंत्री विजय जायसवाल और धन्यवाद ज्ञापन संजय साह ने किया।
अतिथियों का स्वागत विश्वविद्यालय प्रशासन, छात्रों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने तिलक, पुष्पवर्षा और स्काउट दल की सलामी के साथ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भगवान बिरसा मुंडा व राष्ट्रीय महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।
मुख्य अतिथि आदित्य साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा झारखंड की पहचान और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार उनकी जन्मस्थली उलिहातू में जाकर सम्मान दिया और आदिवासी समाज के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आदिवासी कल्याण योजनाओं में बड़ा बजट, एेकलव्य विद्यालयों का विस्तार और जनजातीय गौरव दिवस जैसे कदम भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं।विशिष्ट अतिथि विकास प्रीतम ने कहा कि झारखंड का निर्माण भी बिरसा मुंडा की जयंती के दिन हुआ, इसलिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। कार्यक्रम में अनेक पदाधिकारी एवं छात्र उपस्थित रहे।



