राष्ट्र की एकता और अखंडता को समर्पित रहा सरदार बल्लभ भाई पटेल का जीवन: बाबूलाल मरांडी
रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को बिहार प्रवास के दौरान पटना भाजपा कार्यालय में सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती वर्षगांठ पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
श्री मरांडी विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में शामिल होने के लिए बिहार प्रवास पर हैं।
उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व में सरदार होने का परिचय दिया। आजादी के बाद देश के 500 से अधिक रियासतों को एकजुट करते हुए सांस्कृतिक भारत को राजनीतिक भारत में बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया। देश उनका युगों युगों तक आभारी रहेगा।
कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल एक दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने देश की शासन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने केलिए भारतीय प्रशासनिक सेवा की स्थापना की। सरदार पटेल एक किसान नेता भी थे जिन्होंने सहकारिता आंदोलन को बल दिया।सहकारी समिति के माध्यम से देश के विकास की पद्धति विकसित की। श्वेत क्रांति को बढ़ावा देने में सरदार पटेल का बड़ा योगदान रहा है।
श्री मरांडी ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता को कांग्रेस पार्टी द्वारा अनसुना किए जाने के कारण देश को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है।
उन्होंने नई पीढ़ी को सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।



