RSS ने कहा-मदद मांगे तो पाकिस्तान को गेहूं भेज सकता है भारत

नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने पाकिस्तान में आर्थिक अस्थिरता और खाद्यान्न की कमी पर बोलते हुए गुरुवार को कहा कि अगर पाकिस्तान मदद मांगे तो भारत वहां गेहूं की आपूर्ति कर सकता है। उन्होंने कहा कि हम सर्वे भवन्तु सुखिन: में विश्वास करते हैं।
कृष्ण गोपाल ने कहा कि हमें यह जानकर दुख होता है कि पाकिस्तान में गेहूं 250 रुपए किलो बिक रहा है। भारत के पास अतिरिक्त गेहूं है। भारत पाकिस्तान को 25 से 50 लाख टन गेहूं दे सकता है, लेकिन वह मांग नहीं रहा है। फिल्म निर्माता इकबाल दुर्रानी द्वारा दिल्ली में आयोजित सामवेद के फारसी अनुवाद से संबंधित कार्यक्रम में कृष्ण गोपाल ने कहा कि पाकिस्तान को भारत के प्रति अपनी दुश्मनी का रवैया बदलना होगा।
कोरोना संकट में भारत ने की दुनिया की मदद
संघ अधिकारी कृष्ण गोपाल ने कहा कि पाकिस्तान भारत पर हमले की साजिश रचता है, लेकिन अगर वह सच्चे दिल से मदद मांगता है तो हम मदद करेंगे। महामारी के दौरान देशों को भारत की सहायता के उदाहरणों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा भारत ने कोरोना संकट के दौरान दुनिया की मदद की।
पाकिस्तान रवैया सुधारे
क्या भारत को पाकिस्तान के साथ बातचीत करनी चाहिए, सवाल के जवाब में गोपाल ने कहा कि वार्ता तब तक संभव नहीं है, जब तक कि पाकिस्तान अपना व्यवहार और रवैया नहीं बदलता है। पाकिस्तान को आतंकियों को प्रशिक्षण देना छोड़ना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *