सामाजिक नवनिर्माण के प्रति राजद का समर्पण सराहनीय : रानी कुमारी

रांची। राजद की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व पार्षद (जैक) रानी कुमारी ने कहा है कि समाज के हर समुदाय के उत्थान और सामाजिक नव निर्माण के प्रति राष्ट्रीय जनता दल की सक्रियता व सहभागिता सराहनीय है। पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
बिहार में राजद-जदयू-कांग्रेस महागठबंधन की सरकार के शासनकाल में विकास की रफ्तार तेज हुई है।
उन्होंने इस संबंध में रविवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समाज के सभी समुदाय के हितों के संरक्षण के प्रति गंभीर हैं।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसान-मजदूरों, महिलाओं व युवाओं सहित समाज के हर तबके के लोगों के उत्थान की दिशा में सदैव समर्पित भाव से जुटे रहे हैं।
जन समस्याओं के समाधान के प्रति राजद सतत प्रयासरत रहने वाली राजनीतिक दल के रूप में स्थापित है। बिहार में महागठबंधन के सत्ता की बागडोर संभालने के बाद से बदलाव की बयार बह रही है। समाज के हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने की कोशिशें जारी है।
रानी कुमारी ने कहा कि बिहार के अलावा झारखंड में भी संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में राजद सुप्रीमो के मार्गदर्शन में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव प्रयासरत हैं। जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम दिखने लगेगा।
उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के निर्देशानुसार झारखंड में सदस्यता अभियान को गति देने में यहां के वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ता लगे हैं। पार्टी का जनाधार बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए राजद के कई वरिष्ठ नेताओं ने यहां कमान संभाल रखी है। झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल आने वाले समय में फिर से अपने पुराने तेवर में होगा।
उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में झारखंड में संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान तेज करने की दिशा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता बढ़ी है। आने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल एक सशक्त राजनीतिक दल के रूप में उभरकर फिर से सामने आएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में राजद के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों पर विश्वास जताते हुए यहां की जनता ने भी अगले चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल को समर्थन देने का मन बनाया है। इसका असर वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में दिखेगा।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को राजद की सदस्यता लेने और पार्टी से जुड़ने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *