खूंटी में आपदा राहत कार्यों की समीक्षा, उपायुक्त ने समय पर मुआवजा भुगतान के दिए निर्देश
खूंटी: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न आपदाओं से प्रभावित परिवारों को मुआवजा भुगतान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सर्पदंश से मृत्यु, पानी में डूबने से मृत्यु, सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को सहायता राशि, अतिवृष्टि से आवास एवं फसल क्षति सहित अन्य आपदा संबंधी मामलों में मुआवजा भुगतान की वर्तमान स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी ली और उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि आपदा से प्रभावित पात्र लाभुकों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मृतकों के आश्रितों एवं प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय स्थापित कर आवेदन प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए, ताकि नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, डीएसपी मुख्यालय, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आपदा राहत से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।


