गुमला जिले में पुलिस और जेजेएमपी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, तीन मारे गए
गुमला: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित लावादाग जंगल में शुक्रवार को झारखंड जगुआर और गुमला पुलिस की ज्वाइंट टीम की जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में तीन उग्रवादी मारे गए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से एक एके-47 राइफल और दो इंसास राइफल बरामद की हैं। मारे गए उग्रवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के उग्रवादी लावादाग के जंगलों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर झारखंड जगुआर और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान जंगल में उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब एक घंटे तक चली गोलीबारी के बाद तीन उग्रवादियों के शव बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि मौके से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। ऑपरेशन अब भी जारी है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि जंगल में और भी उग्रवादी छिपे हो सकते हैं।
इस मुठभेड़ को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि जेजेएमपी लंबे समय से इलाके में दहशत फैला रही थी। हाल के महीनों में संगठन की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई थी। पुलिस ने शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की है।



