सांसद कालीचरण मुण्डा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

खूंटी: कालीचरण मुण्डा की अध्यक्षता में शनिवार को खूंटी समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (DDCMC एवं DISHA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मुद्दों की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक ऋषव गर्ग ने सांसद तथा तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया का स्वागत किया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी प्रस्तुत की।
समीक्षा के दौरान सांसद ने ग्रामीण आजीविका, सड़क निर्माण, पेयजल, सिंचाई, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, सहकारिता, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा और नगर विकास समेत विभिन्न विभागों को जनहित में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। JSLPS के तहत लेमन ग्रास, हल्दी, मोरेंगा, महुआ, करंज एवं अन्य वनोपज आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। किसानों को समय पर मुआवजा भुगतान, बीज-खाद की उपलब्धता तथा सिंचाई योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी, खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, जर्जर सड़कों के सुधार, पंचायत सचिवालयों को सक्रिय रखने और अस्पतालों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। महिला कॉलेज निर्माण, खेल स्टेडियम, आंगनबाड़ी भवन, छात्रवृत्ति वितरण और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
अंत में उपायुक्त ने कहा कि बैठक में प्राप्त सभी निर्देशों एवं शिकायतों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *