उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जेएसएलपीएस की समीक्षा एवं परिचयात्मक बैठक आयोजित

खूंटी : डीआरडीए सभागार में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी खूंटी के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा एवं परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के परिचय के साथ हुई। इसके उपरांत जेएसएलपीएस, खूंटी की टीम द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से अब तक संचालित विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी कर्मियों से संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यों में आने वाली चुनौतियों एवं आवश्यक सहयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत किए गए पौधारोपण कार्यों पर एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि जिले में हुए उत्कृष्ट पौधारोपण कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा सके।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने लैंगिक आधारित हिंसा (Gender-Based Violence) की रोकथाम एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों के माध्यम से खूंटी को हिंसा मुक्त एवं सामाजिक रूप से सशक्त जिला बनाया जा सकता है।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु पूर्ण समर्पण, ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जेएसएलपीएस की टीम अपने उत्कृष्ट कार्यों से जिले के ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) सुश्री मनीषा सांछा, सभी जिला प्रबंधक (DM), सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM), क्लस्टर समन्वयक (CC), फील्ड थीमैटिक कोऑर्डिनेटर (FTC) तथा प्रशासनिक प्रकोष्ठ (Admin) के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। ㅤ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *