झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए आरक्षण की सूची जारी,रांची में मेयर पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित

रांची: झारखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को मेयर, उपमेयर, नगर परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना के साथ ही राज्य में शहरी निकाय चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया तेज हो गई है और राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं।
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार रांची नगर निगम के मेयर पद को अनुसूचित जनजाति (अन्य) वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं धनबाद नगर निगम का महापौर पद अनारक्षित रखा गया है। पलामू नगर निगम में महापौर पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा हजारीबाग नगर निगम को अत्यंत पिछड़ा वर्ग-1, गिरिडीह नगर निगम को अनुसूचित जाति (अन्य), बोकारो नगर निगम को अनारक्षित (अन्य), सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर नगर निगम को अनुसूचित जनजाति (अन्य) तथा पूर्वी सिंहभूम/मानगो नगर निगम को अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
वर्तमान समय में झारखंड में कुल 48 शहरी निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम भी शामिल हैं। इन सभी शहरी निकायों में आने वाले समय में चुनाव कराए जाएंगे। जानकारी के अनुसार राज्य के 13 शहरी निकायों में वर्ष 2020 से ही चुनाव लंबित हैं, जबकि राजधानी रांची सहित अन्य नगर निगम और निकायों में वर्ष 2022 से चुनाव नहीं हो पाए हैं। वार्ड स्तर पर सीटों का आरक्षण तय होने के बाद अब महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की घोषणा कर दी गई है।
नगर पंचायतों की बात करें तो राज्य की सभी 19 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए भी आरक्षण जारी कर दिया गया है। बंशीधरनगर नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला, मझिआंव अनारक्षित अन्य, हुसैनाबाद अनुसूचित जाति, हरिहरगंज अनुसूचित जाति महिला, छतरपुर अनारक्षित अन्य तथा लातेहार नगर पंचायत अनुसूचित जनजाति अन्य के लिए आरक्षित किया गया है।
इसी तरह नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी आरक्षित सीटों की घोषणा की गई है। अधिसूचना के अनुसार गढ़वा नगर परिषद अनारक्षित अन्य, विश्रामपुर नगर परिषद अनारक्षित महिला, चतरा नगर परिषद अनारक्षित अन्य और झुमरी-तिलैया नगर परिषद पिछड़ा वर्ग-2 (अन्य) के लिए आरक्षित की गई है। निर्वाचन आयोग की इस पहल से जल्द ही शहरी निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *