एसआईआर को लेकर रांची जिला के सभी बूथों में 6-7 जून को लगेगा विशेष कैंप, अनमैप्ड मतदाताओं की होगी मैपिंग

रांची : एसआईआर  अंतर्गत अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची जिला के सभी मतदान केन्द्रों पर दिनांक 06 जून एवं 07 जून को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित कमरा संख्या-505 में बीएलओ सुपरवाइजर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू सहित बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।

डीसी ने विशेष कैंप को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का सही एवं अद्यतन विवरण निर्वाचन नामावली में सुनिश्चित करना है।

सभी मतदान केन्द्रों पर 06 जून 2026 (शनिवार) एवं 07 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 08ः00 बजे से संध्या 04ः00 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त बीएलओ सुबह 08ः00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध रहकर मतदाताओं की मैपिंग कार्य संपादित करेंगे।

बैठक में सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ बीएलओ की नियमित निगरानी करें तथा सुनिश्चित करें कि विशेष कैंप के दौरान अधिक से अधिक अनमैप्ड मतदाता मैपिंग के लिए बूथों तक पहुंचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *