एसआईआर अभियान को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, बूथ स्तर तक विशेष मॉनिटरिंग और प्रशिक्षण पर जोर

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव, जिला प्रभारी एवं स्टेट कोऑर्डिनेटरों की पहली संयुक्त बैठक कमिटी गठन के बाद गुरुवार को पुराना विधानसभा परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। प्रदेश प्रभारी के. राजू ने जिला प्रभारियों एवं स्टेट कोऑर्डिनेटरों की भूमिका को स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है।

बैठक में एसआईआर अभियान को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक मैपिंग करने, मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निगरानी करने तथा अभियान की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसलिए कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अनियमितता को समय रहते चिन्हित कर उसका समाधान कराया जाए।

बैठक के प्रथम सत्र में लगभग तीन घंटे तक एसआईआर की प्रक्रिया, उससे जुड़ी जटिलताओं तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। सह प्रभारी भूपेंद्र सिंह मरावी एवं प्रशिक्षक राहुल बोल ने भी जिला प्रभारियों को अभियान के विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में लोकसभा प्रभारी, सह प्रभारी एवं विधानसभा सचिव प्रभारियों की बैठक हुई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ एसआईआर अभियान को प्रत्येक जिला, ब्लॉक, मंडल, ग्राम पंचायत एवं नगर वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति बनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *