खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर समीक्षा बैठक कर डीसी ने दिए आवश्यक निर्देश
खूँटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला खेल एवं पर्यटन विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल एवं पर्यटन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने खूँटी प्रखंड के कमन्ता इंडोर स्टेडियम निर्माण एवं रनिया प्रखंड के बेलसियागढ़ में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य पूर्ण कराने तथा हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कर स्टेडियमों का शीघ्र संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए आवश्यक खेल अवसंरचना विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।ㅤ
बैठक में बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के जीर्णोद्धार, डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र खूँटी के संचालन एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिले में हॉकी, फुटबॉल एवं तीरंदाजी के साथ-साथ क्रिकेट सहित अन्य खेलों के विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।ㅤ
उपायुक्त ने ग्रामीण स्तर से लेकर जिला स्तर तक नियमित खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करने की बात कही।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पंचघाघ, पेरवाघाघ, पांडा पुडिंग एवं उलिहातू जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटकों के लिए ट्रेकिंग, कॉटेज एवं अन्य साहसिक गतिविधियों की सुविधाएं विकसित करने पर बल दिया, ताकि जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिले तथा पर्यटकों के ठहराव की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।ㅤ
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



