रामनवमी को लेकर उपायुक्त ने बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का किया दौरा
बोकारो -रामनवमी जैसे पावन पर्व के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण व्याप्त है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने बेरमो अनुमंडल अंतर्गत कसमार, पेटरवार, गोमिया, साढ़म, कथारा, जारींगडीह, फुसरो एवं बेरमो आदि क्षेत्र का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण किया, जहां श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। अखाड़ा समितियों एवं स्थानीय लोगों के उत्साह ने यह संदेश दिया कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक मजबूत सूत्र है।अखाड़ा समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी हमें मर्यादा, संयम और एकता का संदेश देती है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस पर्व को प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाएं, ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।उपायुक्त ने वोलेंटियर्स को इस आयोजन की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और सेवा भावना ही आयोजन को सफल बनाती है। उन्होंने सभी वोलेंटियर्स को आइडी कार्ड धारण करने, अनुशासन बनाए रखने एवं हर परिस्थिति में संयम से कार्य करने की सलाह दी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। आपकी जागरूकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, यह कहते हुए उन्होंने लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।उपायुक्त ने बताया कि शोभा यात्रा/जुलूस एवं अन्य आयोजनों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सादे लिबास में भी पुलिस पदाधिकारी तैनात हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर बनी रहे।पूजा पंडालों के भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने भगवान हनुमान जी की विधिवत पूजा कर जिलेवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और एकता का संदेश लेकर आए।अंत में उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। आइए, हम सभी मिलकर इस पर्व को प्रेम, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं और अपने बोकारो जिले को एक आदर्श उदाहरण बनाएं।



