सुमित्रा देवी पब्लिक स्कूल में ज्ञान की जंग, रेड टीम ने मारी बाज़ी!
भागलपुर। जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित सलेमपुर में स्थित सुमित्रा देवी पब्लिक स्कूल में आज का दिन बना ‘ज्ञान दिवस’, जब स्कूल परिसर में आयोजित इंटर-हाउस क्विज प्रतियोगिता ने बच्चों के अंदर छिपे प्रतिभा के रंगों को उजागर किया। इस रोचक मुकाबले में चार टीमों – रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो – ने हिस्सा लिया और अपने हुनर का दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता में गणित, सामान्य ज्ञान, विज्ञान और अंग्रेज़ी जैसे विषयों से पूछे गए सवालों ने छात्रों की समझ और तर्कशक्ति को परखा। रेड टीम ने अपने सटीक उत्तरों और तेज़ी से निर्णय लेकर 69 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। ठीक उनके पीछे रही ग्रीन टीम ने 68 अंकों के साथ दूसरा स्थान पाया – मात्र एक अंक का फासला, लेकिन ज़बरदस्त टक्कर!
ब्लू टीम ने 61 अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया, वहीं येलो टीम भी पीछे नहीं रही और 60 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। इस कड़े मुकाबले ने यह साबित कर दिया कि सभी टीमों ने शानदार तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे राजकुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया और बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “यह तो सिर्फ शुरुआत है, आगे भी ऐसे ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं होती रहेंगी।”
मुख्य शिक्षक संजीत पाठक और उनके सहयोगी शिक्षकों की मौजूदगी ने बच्चों को अतिरिक्त प्रेरणा दी।

