पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर रांची में सेवा पखवाड़ा, कई कार्यक्रमों का होगा आयोजन

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए रांची में विशेष तैयारियां की गई हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को रांची स्थित अपने केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेठ ने कहा कि 17 सितंबर को हवन अनुष्ठान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके अलावा समाज की सेवा में योगदान देने वाले 75-75 स्वच्छता दूत, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्स, किसान, साहित्यकार, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, Vocal for Local दूत, खिलाड़ी, भूतपूर्व सैनिक, कलाकार और शिक्षक सहित अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी दिन काजू बागान स्थित सांसद आवास परिसर में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन होगा। इसमें सैकड़ों युवा रक्तदान करेंगे और हजारों ग्रामीण व नागरिक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएंगे।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रांची लोकसभा क्षेत्र में 3000 सोलर लाइट लगाने की शुरुआत की जाएगी। साथ ही, 25,000 जूट बैग का वितरण कर प्लास्टिक मुक्त भारत की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा। हर परिवार को फैमिली प्रोटेक्शन लॉगबुक भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं “करो योग, रहो निरोग” अभियान के तहत योगा मैट का वितरण होगा।
संजय सेठ ने यह भी बताया कि रांची के जवाहर नगर में नमो पार्क का शुभारंभ प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर किया जाएगा।
इस प्रेस वार्ता में रांची महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू और रांची ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *