रवि मिश्रा फिर बने खूंटी कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में जश्न

गणादेश,खूंटी: कांग्रेस संगठन ने संगठन सृजन अभियान के तहत शनिवार को जिलेवार नई नियुक्तियों की सूची जारी की। खूंटी जिला से रवि मिश्रा को दूसरी बार जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनकी पुनर्नियुक्ति पर जिले के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष को रंगों से सराबोर कर दिया। साथ ही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। वहीं स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा और विधायक राम सूर्या मुंडा ने उन्हें बधाई दी।

नियुक्ति के बाद रवि मिश्रा ने कहा कि पार्टी और संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरे उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2029 तक खूंटी में कांग्रेस सबसे मजबूत स्थिति में होगी। हर गांव और हर घर में कांग्रेस का कार्यकर्ता मौजूद होगा।

उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में संगठन को बूथ और पंचायत स्तर पर मज़बूत करने की योजना है। इसके तहत वे 86 पंचायतों और 535 बूथों का दौरा करेंगे। साथ ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विज़न को धरातल तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

मिश्रा ने घोषणा की कि कल से जिलेभर में “वोट चोर गद्दी छोड़ो” अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनता का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को प्रदेश प्रभारी राजू का खूंटी दौरा प्रस्तावित है। इसके बाद जिले में संगठन मजबूती का काम युद्ध स्तर पर तेज़ होगा। बधाई देने वालों में सयूम अंसारी, नाईमुदीन खां, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो सहित कई कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *