बोकारो के बांधडीह स्थित रेलवे साइडिंग में गोलीबारी,एक गंभीर रूप से घायल
रांची: बोकारो जिला के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधडीह स्थित रेलवे साइडिंग गोलियों की तड़तड़ाहट से दहक उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो की संख्या में पहुंचे अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने आस्था कंस्ट्रक्शन कंपनी के चालक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में चालक को करीब चार गोलियां लगीं, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास काम कर रहे कर्मियों ने तत्काल घायल चालक को उठाकर बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह, चास मुफस्सिल थाना चीरा चास थाना पुलिस पिंडराजोरा थाना पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार रेलवे साइडिंग पर बीते कुछ महीनों से निर्माण व ठेका कार्य को लेकर आपसी वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मौके पर एक पर्चा भी बरामद किया गया है साथ ही 5 खोखा भी मिली है। एसपी के अनुसार घटना रंगबाजी या प्रतिस्पर्धा की भी हो सकती है। हालांकि एसपी द्वारा एसआईटी टीम गठित कर दी गई है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की बात कर रही है।
एसपी ने बताया कि अपराधियों की धड़पकड़ के लिए जिले के बाहर भी नजर रखी जा रही है।



