टीएमबीयू ने छेड़ी युवा नेतृत्व की अलख, ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के लिए जोरदार मुहिम शुरू!

भागलपुर। तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक इन दिनों किसी अभियान में नहीं, बल्कि एक मिशन में जुटे हैं – “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग” को लेकर! देश के भविष्य यानी युवाओं को जागरूक, सक्रिय और नेतृत्वकारी भूमिका में लाने की दिशा में एनएसएस टीएमबीयू ने कमर कस ली है। 15 अक्टूबर तक चलने वाले पहले चरण (क्विज राउंड) के लिए जोरदार रजिस्ट्रेशन ड्राइव चलाया जा रहा है।

25 सितंबर 2025 को राजभवन, पटना में आयोजित एक अहम बैठक में, बिहार-झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को राज्यपाल के प्रधान सचिव एवं एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक श्री विनय कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया – “अपने-अपने विश्वविद्यालयों में यंग लीडर्स डायलॉग के लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाएं और माय भारत पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन में तेजी लाएं।”

इस निर्देश को ज़मीन पर उतारते हुए, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार के नेतृत्व में टीएमबीयू एनएसएस ने एक गहन, संगठित और प्रेरक अभियान की शुरुआत की है

ब्रांड एंबेसडर बनाए गए NSS के सक्रिय स्वयंसेवक और पूर्व स्वयंसेवक।हर स्वयंसेवक को दिया गया है रोज़ाना का टार्गेट। कॉलेजों, हॉस्टलों और कैंपस में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान। माय भारत पोर्टल पर छात्रों का पंजीकरण करवाया जा रहा है। क्विज में भाग लेने के लिए युवाओं को किया जा रहा है प्रेरित।

मिशन सिर्फ क्विज नहीं  यह नेतृत्व की तैयारी है! यह अभियान सिर्फ एक क्विज में भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को सोचने, समझने और देश के भविष्य निर्माण में सक्रिय योगदान देने की दिशा में एक कदम है। “विकसित भारत” का सपना तभी साकार होगा, जब युवा खुद विकास यात्रा के लीडर बनें और टीएमबीयू उन्हें यही मंच दे रहा है।

NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने कहा: “यह सिर्फ एक रजिस्ट्रेशन ड्राइव नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महाअभियान है। हमें गर्व है कि हमारे स्वयंसेवक इस मिशन को पूरे जोश के साथ निभा रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *