अतिक्रमण मुद्दे पर बाबूलाल मरांडी जनता को गुमराह कर रहे हैं : सुप्रियो भट्टाचार्य
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा प्रहार किया है। मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि धुर्वा स्थित एचईसी की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह केंद्र सरकार के आदेश पर हो रही है, इसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर रेलवे क्षेत्र और एचईसी की जमीन पर अवैध रूप से बने झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने का निर्देश दिया है। साउथ ईस्टर्न रेलवे ने सुरक्षा कारणों से भारत सरकार को पत्र भेजा था और उसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में बाबूलाल मरांडी का यह आरोप लगाना कि राज्य सरकार जनता को उजाड़ रही है, केवल राजनीति और जनता को भ्रमित करने की कोशिश है।
उन्होंने आगे कहा कि एचईसी की जमीन पर बनी बड़ी-बड़ी अवैध इमारतों को खाली कराने को लेकर भी केंद्र ने राज्य सरकार से सहयोग मांगा है। यदि बाबूलाल मरांडी को वाकई आपत्ति है तो उन्हें केंद्र सरकार से इसका आदेश रद्द कराने की पहल करनी चाहिए, न कि राज्य सरकार पर आरोप लगाना चाहिए।
भट्टाचार्य ने साफ कहा – “झारखंड की जनता अतिक्रमणकारी नहीं है। बाहर से आए लोगों ने कब्जा जमाया है, उन्हें हटाया जा रहा है। हमारी सरकार ने विस्थापन और पुनर्वास आयोग का गठन किया है। हम किसी को उजाड़ते हैं तो बसाने की जिम्मेदारी भी निभाते हैं।”
उन्होंने चेतावनी दी कि झामुमो, बाबूलाल मरांडी की इस गंदी राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगा।



