ऑल इंडिया नाट्य प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर बैठक
डेहरी। रोहतास आगामी दिसंबर महीने में अभिनव कला संगम के बैनर तले होने वाले ऑल इंडिया नाट्य प्रतियोगिता सह सांस्कृतिक प्रतियोगिता को लेकर पाली रोड स्थित रघुकुल निवास में अभिनव कला संगम की बैठक हुई। बैठक में अध्यक्ष कमलेश कुमार ने कहा कि संस्था के मजबूत स्तंभ के रूप में रहने वाले स्वर्गीय विनय मिश्रा के निधन के बाद सभी सदस्य मर्माहत है। ऐसे में दिसंबर में होने वाले ऑल इंडिया नाट्य प्रतियोगिता स्वर्गीय विनय मिश्रा को समर्पित रहेगा। जिसकी सहमति सभी सदस्यों के साथ-साथ अन्य प्रदेशों से आने वाली नाट्य टीमों ने दी है। इस वर्ष होने वाले नाट्य प्रतियोगिता में देश के अलावे विदेश कि श्रीलंका व नेपाल की टीम भी आएंगी। जो डेहरी शहर ही नहीं रोहतास जिला व बिहार के लिए गौरव की बात है। देश-विदेश से आने वाली टीमों को सभी प्रकार की सुविधा मिले।वहीं बिहार को बेहतर रूप में प्रदर्शित की जाए। इसके लिए सभी तरह के सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। होने वाले नाट्य प्रतियोगिता के लिए डेहरी व डालमियानगर में कुल तीन संभावित स्थल हैं।जिनका चयन एक सप्ताह में करने का निर्णय लिया गया है। विदेश की टीमों को आमंत्रित करने के लिए कला संस्कृति विभाग पटना में उपसचिव से मिलकर उक्त दोनों देश के कला संस्कृति विभाग को पत्राचार किया जाएगा। दिसंबर में होने वाले नाट्य प्रतियोगिता के लिए 26 से 30 दिसंबर तक की तिथि निर्धारित की गई है। बैठक में नाट्य प्रतियोगिता को लेकर सर्वसम्मति से सदस्यों द्वारा दिवंगत सचिव विनय मिश्रा के पुत्र पवन कुमार मिश्रा को सचिव मनोनीत किया गया है। मनोनयन पर पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि छात्र जीवन से उनके पिता ने अभिनव कला संगम से जुड़कर कला संस्कृति के क्षेत्र में कई प्रदेशों में अवार्ड भी पाए हैं। वह अभिनव कला संगम को अपना परिवार मानते थे। ऐसे में संस्था के सदस्यों द्वारा दी गई जिम्मेवारियों को वह निर्वहन करेंगे। तथा सचिव के रूप में संस्थागत सभी सदस्यों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी सदस्यों ने अपनी अपनी राय रखी। विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान व अन्य कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संरक्षक सिमल सिंह, निदेशक कौशलेंद्र कुशवाहा, कोषाध्यक्ष शिवजी गुप्ता, महासचिव प्रो रणधीर सिन्हा, उपाध्यक्ष संजय यादव, मीडिया प्रभारी इंद्र कुमार बाघा, सुमंत मिश्रा, रवि तिवारी ल, संतोष राय समृद्धि, शंभु गुप्ता, मनोज गुप्ता, कृष्णा यादव, बैजू गुप्ता, कुंदन यादव समेत अन्य उपस्थित थे।

