वार्ड-37 से राहुल यादव ने किया नामांकन, मंदिरों में पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

रांची : रांची नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड संख्या–37 से प्रत्याशी राहुल यादव ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन से पूर्व राहुल यादव ने भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा सेल सिटी स्थित साईं मंदिर, मौसीबाड़ी सहित वार्ड क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में भी उन्होंने पूजा कर जनता के सुख-समृद्धि की कामना की।
नामांकन के दौरान राहुल यादव गाजे-बाजे के साथ अपने आवास से निकले। उनके साथ सैकड़ों समर्थक मौजूद थे, जो नारेबाजी करते हुए उनका उत्साह बढ़ा रहे थे। पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और जोश देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रत्याशी राहुल यादव ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला, तो वार्ड–37 का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनका लक्ष्य वार्ड–37 को रांची नगर निगम का सबसे बेहतर वार्ड बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
राहुल यादव ने कहा कि उनके पास वार्ड के विकास को लेकर स्पष्ट विजन है और उसी विजन के तहत काम किया जाएगा। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जनता उनके कार्यों और सोच पर भरोसा जताएगी।
वहीं समाजसेवी गौरीशंकर यादव ने कहा कि राहुल यादव एक युवा, शिक्षित और कर्मठ प्रत्याशी हैं। उन्होंने पिछले पांच वर्षों से वार्ड–37 के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहकर सेवा की है। उन्होंने बताया कि वार्ड में पेयजल, सड़क और नाली जैसी मूलभूत समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए राहुल यादव प्रतिबद्ध हैं।
नामांकन कार्यक्रम में राहुल यादव के माता-पिता, दादा-दादी, भाई-बहन सहित परिवार के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *