क्रिसमस कार्निवल का पोस्टर लॉन्च, 10 दिसंबर को लोयला से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकलेगी शोभायात्रा
रांची : झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन की ओर से आयोजित होने वाले क्रिसमस कार्निवल 2026 के पोस्टर का शुक्रवार को मोरहाबादी गेस्ट हाउस सभागार में विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर मसीही समाज के धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में कार्निवल की तिथि, मार्ग और आयोजन की तैयारियों की जानकारी साझा की गई।
एसोसिएशन के अनुसार, क्रिसमस कार्निवल का आयोजन 10 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। कार्निवल लोयला से शुरू होकर डंगराटोली चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचेगा। इस आयोजन के माध्यम से प्रेम, शांति, भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा। साथ ही झारखंड की मसीही संस्कृति, परंपरा और क्रिसमस की खुशियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
पोस्टर लॉन्चिंग समारोह में JCYA के केंद्रीय संरक्षक सुजीत कुजूर, केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा, महासचिव विकास तिर्की, अमरदीप करकेट्टा, गोबिंद टोप्पो, आकाश बारा, आकाश तिर्की और निश्छल सोय उपस्थित रहे। झारखंड बिशप काउंसिल की ओर से बिशप अनिल रेवन, बिशप सुरेश सांगा, जयवंत तिर्की और मनमोहन पंडा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इसके अलावा लोयला छात्रावास के प्रतिनिधियों, सिविल सोसाइटी, झारखंड क्रिश्चियन फ्रंट और ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनॉरिटी फ्रंट के सदस्यों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा ने कहा कि क्रिसमस कार्निवल वर्षों से समाज को एकजुट करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। इस वर्ष भी इसे उत्साह और भाईचारे के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। एसोसिएशन ने मसीही समाज, चर्च के अगुवाओं, युवाओं और आम नागरिकों से कार्निवल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

