स्थापना दिवस पखवाड़ा में कृषि, पशुपालन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों की धूम
खूंटी : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जनभागीदारी एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा तोरपा प्रखंड परिसर में कृषि मेला-सह-खेत बचाव एवं आजीविका मेला का आयोजन किया गया। मेले में किसानों द्वारा उत्पादित सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बेहतर खेती के तौर-तरीकों की जानकारी देकर जागरूक किया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान एवं नागरिक उपस्थित रहे। वहीं, किसानों के बीच बीज वितरण किया गया एवं पशुपालन विभाग द्वारा विशेष पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
पंचायतीराज विभाग द्वारा सभी पंचायतों में स्कूली बच्चों के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दुकानदारों को प्लास्टिक के उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। साथ ही स्वच्छ पंचायत बनाए रखने की शपथ ली गई।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जेएसएलपीएस की महिला समूह की दीदियों के बीच खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ स्वच्छता रंगोली एवं संदेश लेखन के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना सहित अन्य आवास योजनाओं के तहत निर्मित आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत लाभुकों के बीच धोती-साड़ी का वितरण किया गया।ㅤ
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा मामले विभाग द्वारा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में एकल लोकगीत, गजल, हिन्दी गीत, नागपुरी गीत, नृत्य, भजन, सूफी गायन एवं क्षेत्रीय भाषाओं के गीत-संगीत के साथ सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।ㅤ
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका, कृषि विकास, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तीकरण, सांस्कृतिक विरासत एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

