425 करोड़ में बिका रांची का न्यूक्लियस मॉल, झारखंड की सबसे बड़ी रियल एस्टेट डील
रांची: राजधानी का चर्चित न्यूक्लियस मॉल 425 करोड़ रुपये में बिक गया है. इसे झारखंड के रियल एस्टेट क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी डील बताया जा रहा है. शुक्रवार को मॉल की रजिस्ट्री वीए कंपनी के निदेशक विवेक कुमार सिंह के नाम पर की गयी. मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने इसकी रजिस्ट्री करायी है. इस सौदे के साथ ही मॉल का मालिकाना हक बदल गया है. रजिस्ट्री दस्तावेजों के अनुसार, 425 करोड़ रुपये के इस सौदे के लिए खरीदार की ओर से 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क जमा किया गया है. विवेक कुमार सिंह कोयला कारोबारी एलबी सिंह के करीबी बताये जाते हैं. सर्कुलर रोड पर रांची महिला कॉलेज के समीप स्थित न्यूक्लियस मॉल करीब 1.59 एकड़ जमीन पर बना है. मॉल में 88 दुकानें और 29 कियोस्क हैं. इसका विकास आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया था. शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल इस मॉल में खरीदारी और मनोरंजन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. 425 करोड़ रुपये में हुए इस सौदे ने झारखंड के रियल एस्टेट बाजार में नयी चर्चा शुरू कर दी है. इतनी बड़ी रकम में किसी व्यावसायिक संपत्ति की बिक्री राज्य के प्रॉपर्टी बाजार के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. रजिस्ट्री के बाद अब न्यूक्लियस मॉल का संचालन नये मालिकाना हक के तहत होगा.

