कांके के होचर में 27 नवंबर को तेली जतरा मेला, भव्य आयोजन की तैयारी तेज

रांची: कांके प्रखंड के होचर में 27 नवंबर को तेली जतरा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजक जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं। इसे लेकर शुक्रवार को स्थानीय गेस्ट हाउस में आयोजक शत्रुघ्न साहू ने मीडिया को आयोजन की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि होचर में पिछले दो वर्षों से तेली जतरा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए तेली समाज के विभिन्न अगुआ और प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोग इसमें शामिल हो सकें।
जतरा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की भी उपस्थिति रहेगी।
शत्रुघ्न साहू ने कहा कि तेली जतरा का उद्देश्य समाज की संस्कृति, परंपरा और सभ्यता को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को इससे परिचित कराना है। इसके अलावा समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और राजनीतिक उत्थान पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में तेली समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद राजनीतिक भागीदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। समाज को अपने हक और अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है।
वहीं, राजकिशोर साहू और संजय साहू ने कहा कि कई अनुसूचित क्षेत्रों में तेली समाज की अच्छी आबादी होने के बावजूद राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अभाव है। उन्होंने परिसीमन का स्वागत करते हुए समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *