मझगांव से झामुमो विधायक निरल पूर्ति को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक का सम्मान, चयन समिति की बैठक में लिया गया निर्णय

रांची : झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस 22 नवंबर को मनाया जाएगा। इसको लेकर विधानसभा परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट विधायक के साथ विधानसभा के उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2026-27 के लिए मझगांव विधानसभा क्षेत्र के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान के लिए चुना गया है।
इस संबंध में शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के कांके स्थित आवास पर विधायक चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधानसभा के प्रभारी सचिव समेत कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक में विधानसभा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के साथ उत्कृष्ट विधायक और कर्मचारियों के चयन पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन समिति ने वर्ष 2026-27 के लिए मझगांव के झामुमो विधायक निरल पूर्ति के नाम पर सहमति जताई है। उन्हें विधानसभा में उनके कार्यों और योगदान के लिए उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, विधानसभा के कर्मचारियों को भी उनके कार्यों और योगदान के लिए सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें कर्मचारी शिवराज राम, किरण बाखला, सुषमा सिन्हा,रविकांत प्रशाखा पदाधिकारी समेत कई अन्य कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। स्थापना दिवस समारोह के दौरान सभी चयनित लोगों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस प्रत्येक वर्ष 22 नवंबर को मनाया जाता है। इस अवसर पर विधानसभा की उपलब्धियों को याद करने के साथ विधायी कार्यों में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है। इस बार भी समारोह को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *