युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला के अंतर्गत फोटोग्राफी प्रशिक्षण का हुआ समापन
भागलपुर। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला श्रृंखला के अंतर्गत तीन दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला का आज समापन वरिष्ठ कलाकार रंजन, वरिष्ठ फोटो पत्रकार शशि शंकर तथा नेचर फोटोग्राफर शैलेन्द्र कुमार के स्लाइड शो प्रेजेंटेशन के साथ हुआ।
अपने वक्तव्य में रंजन ने पुरानी फोटोग्राफी तकनीकों, लेंस, कैमरों के प्रकार तथा फोटोग्राफी की विविध विधाओं पर अपने विचार युवा प्रतिभागियों के समक्ष रखे। वरिष्ठ फोटो पत्रकार शशि शंकर ने फोटोग्राफी की चुनौतियां, पत्रकारिता में इसके भविष्य, दृष्टिकोण एवं संयोजन पर स्लाइड शो प्रेजेंटेशन के माध्यम से कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
भागलपुर के एडवेंचर फोटोग्राफर शैलेन्द्र कुमार ने नेचर फोटोग्राफी, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, टेक्निकल फोटोग्राफी तथा फोटोग्राफी के विभिन्न प्रकारों पर अपने वक्तव्य में विस्तार से चर्चा की।
कार्यशाला के तीसरे दिन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागी युवा फोटोग्राफर्स से फोटो से जुड़े करियर विकल्पों, फोटोग्राफी की औपचारिक शिक्षा, इस क्षेत्र में हो रहे शोध एवं प्रकाशनों पर विस्तार से चर्चा की।
अंकित रंजन ने कहा कि फोटोग्राफी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इसमें सरकारी नौकरियों के साथ-साथ फ्रीलांसिंग के विकल्प तथा अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी अनेक अवसर उपलब्ध हैं, जिन्हें रचनात्मक कार्य करने के इच्छुक युवा अपना सकते हैं। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के माध्यम से लगातार ऐसे कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो जिले के कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा को संरक्षित, संवर्धित तथा विकसित करने का कार्य कर रहे हैं।
युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला के अंतर्गत 12 अगस्त से 14 अगस्त तक मंच संचालन कार्यशाला का आयोजन आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर में किया जाएगा, जिसमें युवाओं को उद्घोषणा, वाक् शैली तथा मंच संचालन के कौशल वरिष्ठ विशेषज्ञों द्वारा सिखाए जाएंगे।



