भाजपा विधायक पवन यादव की बढ़ीं मुश्किलें: रंगदारी और NTPC निर्माण में बाधा के मामले में कोर्ट ने तय किए आरोप

भागलपुर। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पवन कुमार यादव की कानूनी मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। नौ साल पुराने एक मामले में भागलपुर स्थित विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट (एसीजेएम प्रथम) ने मंगलवार को विधायक समेत उनके 19 समर्थकों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। आरोप है कि एनटीपीसी कहलगांव परिसर में नाले के निर्माण कार्य में बाधा डाली गई और रंगदारी की मांग की गई थी। अब सभी आरोपियों को अदालत के फैसले का इंतजार है।

       प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला 7 अप्रैल 2016 का है। एनटीपीसी कहलगांव के तत्कालीन महाप्रबंधक ने कहलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि जल निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य का विधायक पवन यादव और उनके समर्थकों ने विरोध किया। आरोप है कि ठेका न मिलने से नाराज विधायक ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और रंगदारी मांगने के साथ-साथ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

       मंगलवार को विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय की अदालत में सुनवाई हुई। कोर्ट ने विधायक पवन यादव सहित कुल 20 आरोपियों पर आरोप तय किए। सभी आरोपी कोर्ट में उपस्थित रहे। अब अगली सुनवाई की तिथि पर मामले की सुनवाई जारी रहेगी। माना जा रहा है कि यह मामला आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से विधायक यादव के लिए राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

इन पर तय हुए आरोप :विधायक के अलावा जिन 19 लोगों पर आरोप तय हुए हैं, उनमें मोनिका देवी, गिरीश मंडल, मिथिलेश मंडल, पूनम देवी, ज्योति देवी, प्रभु मंडल, वीरेंद्र मंडल उर्फ फुरना मंडल, सुधीर मंडल, बबलू मंडल, बालकृष्ण मंडल, राम शरण मंडल, राजेंद्र मंडल, मनबोध मंडल, अवध किशोर मंडल, जयकांत मंडल, उधो उर्फ शंभू मंडल, सुरेंद्र मंडल, सावित्री देवी और सनातन मंडल शामिल हैं।

जाम में फंसे विधायक, बाइक से पहुंचे कोर्ट :मंगलवार को कोर्ट की सुनवाई में शामिल होने के लिए जब विधायक कहलगांव से भागलपुर रवाना हुए तो उन्हें एनएच-80 स्थित एकचारी के पास भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। उनका वाहन जाम में फंस गया। समय पर कोर्ट पहुंचने के लिए विधायक ने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली और ट्रिपल लोडिंग में बिना हेलमेट के सफर किया। इस दौरान किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जो कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। बाइक सवार ने विधायक से एनएच-80 की खराब स्थिति और जाम पर तीखे सवाल भी किए। यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यूजर्स ने कमेंट्स में विधायक को जमकर घेरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *