मंडराने लगा बाढ़ का खतरा, गंगा का जलस्तर बढ़ने से पलायन करने लगे दियारा के लोग

  • डेंजर लेवल 38.33 मीटर से मात्र 1 मीटर नीचे बह रही है गंगा, अलर्ट मोड पर प्रशासन
  • कई स्थानों पर जारी है गंगा का भीषण कटाव, गंगा की आगोश में समा रही उपजाऊ जमीन रंजीत विद्यार्थी
    मुंगेर: पिछले एक सप्ताह से गंगा के जल स्तर में लगातार हो रही वृद्धि से निचले तथा दियारा क्षेत्र के गांवों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। लगातार जल स्तर बढ़ने से मुंगेर में बाढ़ का खतरा मंडराने लग गया है। संभावित बाढ़ के खतरे को भांप कर दियारा क्षेत्र के लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन करने लग गए हैं। जलस्तर में लगातार वृद्धि से जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हालांकि जिला प्रशासन ने बाढ़ के संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। जिले के मुंगेर सदर अनुमंडल और बरियारपुर अनुमंडल के कई पंचायत के गांवों के पास तक बाढ़ का पानी पहुंचा चुका है। खासकर दियारा के लोग गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा का जल स्तर 38.33 मीटर जो की डेंजर लेवल है तक पहुंच गया है। खतरे के निशान 39.33 मीटर से मात्र गंगा 1 मीटर नीचे बह रही। सदर प्रखंड के जाफरनगर, कुतलूपुर, टीकारामपुर, तारापुर दियारा, नौवागढ़ी उत्तरी, बरियारपुर, जमालपुर और धरहरा प्रखंड की हेमजापुर पंचायत की गंगा किनारे इलाके में कटाव हो रहा है।
    बताते चलें कि जिले के चार प्रखंड धरहरा, जमालपुर, सदर और बरियारपुर बाढ़ प्रभावित प्रखंड है। चारों प्रखंडों की कुल 28 पंचायतों में बाढ़ अपना रौद्र रूप दिखाता रहा है। दियारा इलाके के कई गांवों में कटाव भी शुरू हो गया है। वर्ष 2021 में जिले में बाढ़ कहर बरपाया था। जलस्तर में वृद्धि होने के साथ ही कुतलुपुर पंचायत के बहादुरनगर वार्ड संख्या 17, 18 के बाद अब वार्ड संख्या 03 में कटाव विकराल रूप ले चुका है। तारापुर दियारा के मनियारचक, रहिया, नौवागढी उतरी पंचायत के डीह एवं रामगढ़ गांव में भी कटाव तेजी से जारी है। हालांकि जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए पहले से कमर कस अपनी तैयारी पूरी कर रखी है। मुंगेर सदर प्रखंड के जिला परिषद सदस्य निवास मंडल ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर डीह गांव में कटाव सहित अन्य इलाकों में जारी कटाव के संबंध में जानकारी देते हुए राहत मुहैया कराने का मांग किया है। वही नौवागढ़ी उत्तरी पंचायत की मुखिया नविता कुमारी ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद बताया कि दी डीह गांव में गंगा कटाव जारी है । बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को मुहैया करा दी गई है। मुखिया प्रतिनिधि धर्मवीर पासवान ने बताया कि वस्तुस्थिति से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ पर उनकी विशेष नजर बनी हुई है। लोगों को जान माल का खतरा ना हो इसके लिए गंगा किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने के लिए आग्रह किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *