मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर हुई चर्चा

खूंटी: मुरहू प्रखंड सभागार में शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख श्रीमती ऐलिस ओड़िया ने की। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल के समुचित रखरखाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार सिन्हा ने अस्पताल के रखरखाव एवं अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं के शुल्क की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों की आवश्यक जांच निःशुल्क होगी, जबकि बाहरी मरीजों से निर्धारित न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा।
बैठक के दौरान उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने अस्पताल के सभी चिकित्सकों, पारा चिकित्सा कर्मियों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित समय पर ड्रेस एवं पहचान-पत्र (आईडी कार्ड) के साथ अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध उपस्थिति एवं अनुशासन से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि, प्रखंड विधायक प्रतिनिधि, उप प्रमुख, मुखिया, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शनिका बोदरा, सामाजिक कार्यकर्ता बब्लू खान सहित रोगी कल्याण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *