मुरहू स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की हुई बैठक
खूंटी: मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू में सोमवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई। जिसमें अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने एवं जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल में रक्त जाँच की उन्नत सुविधा हेतु आवश्यक ब्लड टेस्टिंग मशीन की व्यवस्था सीएसआर फंड के माध्यम से किए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि रोगी कल्याण समिति का उद्देश्य मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। अस्पताल में सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाएगा तथा दंत चिकित्सक डॉ. राहुल कुमार की पदस्थापना से संबंधित विभागीय कार्रवाई शीघ्र की जाए।
बीडीओ मुरहु ने समिति को आश्वस्त किया कि अस्पताल में आवश्यक सामग्रियों की खरीद संबंधी सूचना रोगी कल्याण समिति को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों के संबंध में नियमित रूप से डेटा एकत्र कर अस्पताल के साथ समन्वय स्थापित करें।
प्रमुख मुरहु ने कहा कि मरीजों को पौष्टिक भोजन और समय–समय पर आवश्यक जांच उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिला स्तर से प्राप्त योजनाओं की जानकारी भी बैठक में साझा की गई।
मुखिया श्रीमती ज्योति ने कहा कि अस्पताल में कार्डियोलॉजी चिकित्सक सप्ताह में कम से कम दो दिन उपलब्ध रहें, ताकि गंभीर हृदय रोगियों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सके एवं मरीजों को दूर जाने की आवश्यकता न पड़े।
अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तिर्की ने बताया कि अस्पताल परिसर में जनता के लिए RO पानी सुविधा स्थापित की गई है तथा आंखों की जांच के लिए स्क्रीनिंग मशीन लगाई गई है, जिसका उद्घाटन भी किया गया। बैठक में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक विमर्श किया गया तथा जन–हित एवं अस्पताल विकास के लिए कई निर्णय पारित किए गए। बैठक में रोगी कल्याण समिति सदस्यगण, स्वास्थ्य विभाग प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



