तेज बारिश में बहा पेलोल डायवर्सन, करोड़ों की लागत पर फिरा पानी
खूंटी: खूंटी- सिमडेगा मुख्य मार्ग स्थित ज पेलोल पुल के बगल में बने डायवर्सन तेज बारिश की पानी से बह गया। यह डायवर्सन करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा है। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह डायवर्सन ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, जिससे बरसात के दिनों में आवागमन बना रहे। लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही यह तेज पानी के बहाव में टूट गया, जिससे गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस डायवर्सन की मांग की जा रही थी, ताकि मानसून में उन्हें नदी पार करने के लिए जोखिम भरे अस्थायी साधनों पर निर्भर न रहना पड़े। जब सरकार ने करोड़ों की लागत से इसका निर्माण शुरू कराया, तो लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन पहली ही जोरदार बारिश में इसका बह जाना निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की ओर इशारा करता है।
डायवर्सन टूटने के कारण अब स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और दैनिक कामकाज के लिए बाहर जाने वाले लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, प्रभावित क्षेत्र में जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात भी कही गई है।
यह घटना सरकारी निर्माण कार्यों की निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही को सुनिश्चित करने की आवश्यकता को फिर से उजागर करती है।



