जब तेजस्वी बनेगा मुख्यमंत्री, तभी बदलेगा बिहार – अखिलेश यादव का नाथनगर में हुंकार
भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे अपने निर्णायक दौर में पहुंच रहा है, वैसे-वैसे सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। बुधवार को नाथनगर में समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी चुनावी सभा में जमकर तेवर दिखाए।
राजद प्रत्याशी जिया उल हसन उर्फ जेड हसन के समर्थन में भीड़ को संबोधित करते हुए अखिलेश बोले – अबकी बार बिहार में बदलाव की आंधी चल पड़ी है। जब तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेगा, तभी बिहार में सच्चा परिवर्तन होगा। बीजेपी जाएगी, तब ही बिहार मुस्कुराएगा। अखिलेश ने कहा कि इस बार जनता महागठबंधन के साथ है और बीजेपी के झूठे वादों से तंग आ चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा,बीजेपी के एजेंडे में नौकरी है ही नहीं। जिनके हाथ में लालटेन है, वो अब सोलर लालटेन लेकर चल पड़े हैं। नया जमाना है, नई रोशनी है।
बुनकरों, किसानों और नौजवानों की बात
अखिलेश ने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार बनी तो बुनकरों के लिए बिजली, दवा और बाजार की विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा,बीजेपी वालों ने तो कमाई घटाने के लिए पारले-जी बिस्किट तक छोटा कर दिया है। बिहार में अब नौजवान नहीं भागेंगे, इस बार बीजेपी भागेगी।किसानों का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश बोले कि प्रधानमंत्री ने कभी आय दोगुनी करने का सपना दिखाया था, लेकिन ना आय बढ़ी, ना नौकरी मिली।
उन्होंने कहा – तेजस्वी ने बिहार में नौकरी देने की शुरुआत कर दी है। यही उम्मीद पूरे देश के युवाओं में जगाई है।
व्यवस्था बदलेगी, पुलिस सुधरेगी
अखिलेश ने कानून-व्यवस्था पर भी बिहार सरकार को घेरा। बोले – यहां लोगों को गाड़ी से कुचल दिया जा रहा है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तक बदली जा रही है। यूपी में हमारी सरकार थी तो पुलिस 5 से 7 मिनट में मौके पर पहुंचती थी। बिहार में भी वैसी व्यवस्था तेजस्वी लाएंगे। सभा के अंत में अखिलेश ने लोगों से अपील की – बीजेपी के झूठ से बचिए, और तेजस्वी के साथ बिहार के नए भविष्य को वोट दीजिए।


