उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निदेश पर जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन
गणादेश,रांची :उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निदेश पर मंगलवार को रांची जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया।इसका उद्देश्य आम जनता की शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करना था, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।उपायुक्त ने पूर्व में सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया था कि वे प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं को सुनें तथा जिन मामलों का निपटारा तत्काल संभव हो, उनका उसी समय निष्पादन करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया था कि राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अंचल निरीक्षक एवं राजस्व कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए, ताकि मामलों का मौके पर निपटारा किया जा सके।
जनता दरबारों में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कई शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया, जिससे उपस्थित आवेदकों में संतोष का भाव देखा गया।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार, जनता से सीधे संवाद और सेवा का सबसे सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक अपनी छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर भटकने को मजबूर न हो। अधिकारी/कर्मी सेवा भाव से कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन जनता के प्रत्येक उचित मामले में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।अन्य अंचलों में भी पारिवारिक सदस्यता, तत्काल जाति,आय, आवासीय,आचरण प्रमाण पत्र एवं राजस्व संबंधी मामलों का निष्पादन किया गया।



