छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेल हादसा, कम 6 यात्रियों की मौत
दिल्ली :छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे डिवीजन के लालखदान क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे बड़ा रेल हादसा हुआ। हावड़ा रूट पर चल रही पैसेंजर मेमू ट्रेन अचानक सामने से आ रही मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेमू ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंजने लगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में कम से कम 6 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी को बिलासपुर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।हादसा बिलासपुर स्टेशन से कुछ किलोमीटर दूर लालखदान के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मेमू ट्रेन हावड़ा की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही मालगाड़ी से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर में मेमू ट्रेन का आगे का डिब्बा पूरी तरह कुचल गया। डिब्बे पटरी से उतरकर एक-दूसरे पर चढ़ गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को निकालने के लिए बड़ी मशीनें लगाई गईं। रेलवे के अधिकारी मौके पर राहत और मरम्मत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। ट्रैक से मलबा हटाने का काम देर रात तक जारी रहने की संभावना है।
हादसे की वजह से हावड़ा रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और अपडेट्स के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ऐप देखने की अपील की है।रेलवे ने कहा है कि हादसे के कारणों की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। शुरुआती रिपोर्ट्स में सिग्नल फेलियर या मानवीय गलती को संभावित कारण माना जा रहा है। रेल मंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को मुआवजे की घोषणा की है।



