करम अखाड़ा के सौंदर्यकरण कार्य का सांसद कालीचरण मुंडा ने किया शिलान्यास

खूंटी: स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा ने अपनी सांसद निधि से करम अखाड़ा के सौंदर्यकरण कार्य का विधिवत कुदाल चलाकर शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी सरना समाज के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, समिति के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता रही।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि सरना समाज के अखाड़ा का कायाकल्प किया जाएगा, ताकि आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक विरासत को संरक्षित और सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं में निहित है तथा समाज का विकास ही देश के विकास का आधार है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर केंद्रीय सरना संगोम समिति करम अखाड़ा खूंटी की अध्यक्ष दुर्गावती ओड़ेआ, अखिल भारतीय सरना समाज खूंटी के सचिव लीलू पाहन, आदिवासी मुंडा यूथ एसोसिएशन खूंटी के अध्यक्ष अनूप मुंडा तथा काँग्रेस जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में सुकू हास्सा, सुरजू हास्सा, सुखराम मुंडा, राम मुंडा, नौरी पूर्ति, कुंवारी होरो, सुनीता तोपनो, मुंशी मुंडा, बेला पाहन, मानसिंह बोदरा, बुधराम बोदरा, अमित मुंडा, अमन मस्कल तोपनो, जयंती धान सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन समाज एवं क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित लोगों ने करम अखाड़ा के सौंदर्यकरण कार्य को आदिवासी संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता के सुदृढ़ीकरण तथा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *