दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन से मिले सांसद बैद्यनाथ राम, लिया आशीर्वाद

रांची: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन से नव निर्वाचित सांसद बैद्यनाथ राम और झामुमो नेता प्रभात कुमार ने मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात बुधवार देर शाम रांची में हुई।
ज्ञात हो कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने द्रौपदी मुर्मू के हाथों नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्राप्त किया था। इस अवसर पर हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
पद्मभूषण सम्मान मिलने के बाद रूपी सोरेन को लगातार विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा बधाई दी जा रही है। इसी क्रम में सांसद बैद्यनाथ राम ने उनसे मुलाकात कर सम्मान प्रकट किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में उनके योगदान तथा उनसे जुड़ी कई स्मृतियों पर चर्चा हुई। सांसद बैद्यनाथ राम ने शिबू सोरेन के योगदान को झारखंड के इतिहास में अविस्मरणीय बताते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। वहीं रूपी सोरेन ने भी आगंतुकों का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया। यह मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *