झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू पहुंचे नेमरा, पूर्व सीएम दिवंगत शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि
रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। बुधवार को झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचे और दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर व्यक्तिगत रूप से सांत्वना दी और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे कांग्रेस नेताओं में झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पाण्डेय शिल्पी, नेहा तिर्की, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक प्रदीप यादव और विधायक ममता देवी शामिल रहे। सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस विकट समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रखर योद्धा और आदिवासी समाज की आवाज़ रहे। उनके राजनीतिक जीवन की लंबी यात्रा में राज्य और देश की राजनीति में अमिट छाप रही। उनके निधन को प्रदेश की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान नेताओं ने कहा कि दिशोम गुरु ने हमेशा गरीब, आदिवासी और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनकी नीतियां और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी कांग्रेस नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके पिता की सोच और संघर्ष को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने हमेशा उनके पिता को सम्मान दिया और यह सम्मान हमेशा बना रहेगा।नेमरा में पूरे दिन विभिन्न राजनीतिक दलों, संगठनों और आम लोगों का आगमन जारी रहा।



